जमशेदपुर के कदमा में लोडेड देसी कट्टा और गोली के साथ दो युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर : शहर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने
अवैध हथियार रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। रामजनम नगर स्थित
काली मंदिर रोड पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लोडेड देसी कट्टा, एक अतिरिक्त गोली और मोबाइल फोन बरामद
किया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की
तैयारी में थे। बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की
जानकारी दी। पुलिस से मिली
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर
की रात सूचना मिली थी कि रामजनम नगर के काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने एक
साथी के साथ घर में अवैध देसी कट्टा लेकर मौजूद है। सूचना में यह भी आशंका जताई गई
थी कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि के
बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व
में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम जब समीर नाग के घर पहुंची, तो कमरे में दो युवक बैठे मिले। पुलिस के अनुसार,
टीम को देखते ही दोनों युवकों ने भागने
की कोशिश की, लेकिन
पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद कमरे और दोनों युवकों की
तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की
पहचान करीब 20 वर्षीय
समीर नाग उर्फ आदित्य नाग, निवासी
रामजनम नगर काली मंदिर रोड, कदमा
और करीब 19 वर्षीय शुभम कुहार,
निवासी भाटिया बस्ती रोड नंबर 10-12,
राज बिहारी पथ, कदमा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक,
समीर नाग की पैंट की दाहिनी जेब से एक
स्मार्टफोन बरामद हुआ। वहीं, कमरे
की तलाशी के दौरान एक लोडेड देसी कट्टा मिला। इसके अलावा शुभम कुहार के ट्राउजर की
जेब से एक अतिरिक्त गोली बरामद की गई। पुलिस हथियार के
स्रोत और कथित तौर पर किस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी, इसकी जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के
अनुसार, गिरफ्तार समीर नाग का
पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस मामले में पुलिस
की आगे की कार्रवाई जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। सिटी एसपी
ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छापेमारी और गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी
साझा की।गुप्त सूचना के आधार
पर हुई छापेमारी
पुलिस को देखकर भागने
की कोशिश
आर्म्स एक्ट के तहत
मामला














