जमामो माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से चेन स्नैचिंग का 24 घंटे में खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार
गिरिडीह: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना पुलिस ने जमामो माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चेन स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक पुरुष और तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी एक ही परिवार से जुड़े हैं। सोमवार को तिसरी थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को तिसरी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध जमामो माता मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंची महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी की गई थी। मामले को लेकर हीरोडीह थाना क्षेत्र निवासी अजीत कुमार साव के लिखित आवेदन के आधार पर तिसरी थाना में कांड संख्या 72/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने जमामो माता मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की गई। जांच के दौरान ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने एक संदिग्ध महिला अंशु कुमारी को डोरंडा स्थित किराए के मकान से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंशु कुमारी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। अंशु कुमारी की निशानदेही पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार के नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिंकल मिश्रा, पिता विक्की मिश्रा, सरिता देवी, पति विक्की मिश्रा और मुस्कान देवी, पति टिंकल मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डोरंडा स्थित किराए के मकान से चोरी की गई सोने की चेन, सोने का लॉकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी एक ही परिवार से जुड़े हैं। इनमें मां, बेटा, बहू और चचेरी बहन शामिल हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और बिहार में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की बात जांच में सामने आई है। मामले के त्वरित उद्भेदन में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर रोहित महतो, तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर, एसआई लव कुमार, एएसआई मोहम्मद मूसा, निरंजन राय, नीरज कुमार सिंह, राहुल यादव और मीना मुर्मू की भूमिका सराहनीय रही।CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी
नवादा में छापेमारी कर तीन आरोपी गिरफ्तार
सोने की चेन और मोबाइल बरामद
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय















