दिल्ली में हेमंत सोरेन, 1 नवंबर की विपक्षी रैली में शामिल होंगे झामुमो के सभी सांसद और बड़े नेता
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। वह एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी रैली में शामिल होंगे। इस रैली में झामुमो के सभी सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की भी भागीदारी होगी। पार्टी की ओर से सभी सांसदों को रैली में शामिल होने का निर्देश जारी किया गया है। दरअसल, कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' और 'वोट चोर-गद्दी छोड़' के नारों के साथ रैली और मार्च का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान अनियमितताएं हो रही हैं। ऐसे में रामलीला मैदान में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी के जरिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति है। कांग्रेस ने इस रैली को किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखा है। राहुल गांधी ने सभी विपक्षी दलों से इसमें शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर एकजुटता दिखाना और केंद्र की मोदी सरकार तक विपक्ष की आवाज पहुंचाना है।















