हजारीबाग: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू की है। अब मेन रोड के आसपास सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई गई है।

हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद राणा ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र का भ्रमण कर मुख्य सड़क (मेन रोड) के आसपास यातायात और पार्किंग की समस्या का जायजा लिया था। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने बताया कि मेन रोड के आसपास पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं।

सदर अस्पताल के पास बनेगा पार्किंग स्थल

लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पदाधिकारी और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर सदर अस्पताल के समीप छोटानागपुर बैंक की जमीन पर पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई गई।

इसी क्रम में शुक्रवार को दो जेसीबी मशीनों की मदद से उक्त स्थल की साफ-सफाई और समतलीकरण का काम कराया गया। इसका उद्देश्य जमीन को व्यवस्थित पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करना है, ताकि दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को वाहन खड़ा करने के लिए उचित जगह मिल सके।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

महापौर अरविंद राणा ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े होने की समस्या कम होगी और यातायात बाधित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं का समाधान केवल बैठकों से नहीं, बल्कि धरातल पर उतरकर काम करने से होगा। पार्किंग स्थल विकसित होने से मेन रोड के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्पेशल रेपोर्ट्स