हजारीबाग:  शहर की सड़कों और फुटपाथ पर दुकान लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे कारोबारियों के लिए जिला प्रशासन नई व्यवस्था तैयार कर रहा है। अब फुटपाथ बाजार को सड़कों से हटाकर चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित करने की योजना है। इसके लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

इसी सिलसिले में उपायुक्त हेमंत सती ने नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के साथ पुराने समाहरणालय परिसर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने संभावित स्थल का जायजा लिया और वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावनाओं की जानकारी ली।

प्रशासन का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे सड़क किनारे बेतरतीब दुकानें लगने से होने वाली यातायात की परेशानी कम हो और छोटे दुकानदारों का रोजगार भी प्रभावित न हो।

अतिक्रमण हटाने के बजाय स्थायी व्यवस्था

शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होती रही है। इसका सीधा असर फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका पर पड़ता है। प्रशासन अब इस समस्या का स्थायी विकल्प तलाश रहा है।

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि फुटकर व्यापारियों के रोजगार को सुरक्षित रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से छोटे-छोटे वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है और जल्द इसे धरातल पर उतारने की दिशा में कार्रवाई होगी।

प्रशासन की पहल से फुटपाथ दुकानदारों में भी उम्मीद जगी है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित और स्थायी जगह मिलती है तो वे व्यवस्थित तरीके से कारोबार कर सकेंगे। इससे उनका रोजगार भी सुरक्षित रहेगा और शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को कम करने में भी मदद मिल सकती है।