‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान तेज, हजारीबाग कांग्रेस ने दिल्ली रैली की बनाई रणनीति
हजारीबाग: ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को सफल बनाने के लिए हजारीबाग जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में बैठक आयोजित की गई। पूर्व मंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के पर्यवेक्षक डॉ. शिव कुमार डहरिया ने संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हजारीबाग जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता महारैली में शामिल होंगे। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ और पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने तथा मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की भी अपील की। प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भागीदारी से अभियान को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थन में एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की। बैठक के बाद ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा कि राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को तथ्यों एवं सबूतों के साथ उठाया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार अभियान चला रही है। डहरिया ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद ने भी मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियां कैसे हुईं और एसआईआर के दौरान किन परिस्थितियों में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए, इन सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। पूर्व मंत्री सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में हजारीबाग जिले से इंडिया गठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। बैठक की शुरुआत में इचाक प्रखंड अध्यक्ष लालमोहन रविदास और पूर्व जिला सचिव हाजी मोहम्मद सिकंदर अली के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। बैठक और प्रेसवार्ता में सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह, राजीव गांधी पंचायती राज के प्रदेश अध्यक्ष शांतनु मिश्रा, प्रदेश कोऑर्डिनेटर विनोद कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार यादव, प्रदेश सचिव रेणु कुशवाहा, नवीन कुमार, प्रदेश सह सचिव डॉ. प्रकाश कुमार और प्रदेश प्रवक्ता साकेत सौरभ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं मोर्चों के अध्यक्ष, नगर, प्रखंड और मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रेसवार्ता में जिला मीडिया विभाग के अध्यक्ष सह जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निसार खान भी उपस्थित थे। बैठक के अंत में जिला महासचिव अब्बास अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।मतदाता सूची की समीक्षा और संगठन मजबूत करने पर जोर
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर उठाए सवाल
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद














