हल्दीपोखर में Jio नेटवर्क की बदहाल सेवा से उपभोक्ता नाराज, सुधार नहीं तो मुखिया ने दी आंदोलन की चेतावनी
पोटका: हल्दीपोखर और आसपास के क्षेत्रों में Jio मोबाइल नेटवर्क की खराब सेवा को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पिछले कई महीनों से नेटवर्क बाधित रहने, टावर का सिग्नल नहीं मिलने और कॉल व इंटरनेट सेवा में परेशानी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे Jio उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से रिचार्ज कराने के बावजूद नेटवर्क सेवा सुचारू नहीं रहने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रोजमर्रा के जरूरी कामों में भी परेशानी हो रही है। ऑनलाइन लेन-देन, सरकारी कामकाज, पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए इंटरनेट पर निर्भर लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इस मामले को लेकर हल्दीपोखर की मुखिया एवं भाजपा नेत्री देवी भूमिज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने Jio कंपनी से क्षेत्र में नेटवर्क सेवा जल्द सुधारने की मांग की है। देवी भूमिज ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से नेटवर्क की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर नेटवर्क सेवा में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।















