गोविंदपुर अन्ना चौक पर लगातार हादसों से भड़का जनता का गुस्सा, गड्ढों में पेड़ लगाकर जिला परिषद सदस्य ने किया अनोखा विरोध
गोविंदपुर: अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क और जानलेवा गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब सड़क पर उतर आया है। सोमवार सुबह हुए एक सड़क हादसे के बाद लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क के बीच बने गड्ढों में पेड़-पौधे लगाकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति, जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने जिला प्रशासन और स्थानीय कंपनियों के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक तक करीब पांच बड़ी कंपनियां संचालित हो रही हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जलजमाव और गड्ढों के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर बड़ा जन-आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जरूरत पड़ने पर पूरे औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी भी की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी। विरोध प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह और दिनेश सिंह समेत सैकड़ों स्थानीय बस्तीवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने और हादसों पर रोक लगाने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।















