गिरिडीह: कार्तिक शुक्ल पक्ष के दौरान जिले में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के बजरंग चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और संकट मोचन हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।

महिलाओं और युवतियों ने सिर पर उठाया आस्था का कलश

कलश यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में लखन लाल बरनवाल और उनकी धर्मपत्नी सरिता बरनवाल शामिल हुए। वहीं, सिर पर कलश लिए महिलाओं और युवतियों की टोली ने भी यात्रा में हिस्सा लिया।

बजरंग चौक से शुरू हुई कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ शहर के शिवशक्ति छठ घाट पहुंची। यहां पुजारियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और कलश में जल भरा गया। इसके बाद यात्रा वापस बजरंग चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन

संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। वहीं, शुक्रवार को जलाधिवास का अनुष्ठान होगा। इसके बाद शनिवार को मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कलश यात्रा में अभिलाष आनंद, अंशु आनंद, चुन्नू, मोहन बरनवाल, प्रभात कुमार समेत बड़ी संख्या में हनुमान भक्त शामिल हुए। श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल बना रहा।