धनबाद में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश, शादी का झांसा देकर लूटने वाले 10 शातिर गिरफ्तार
धनबाद : शादी के नाम पर ठगी
और मारपीट करने वाले एक बड़े गिरोह का धनबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने
कथित तौर पर ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है
कि गिरोह शादी का झांसा देकर बाहर से आने वाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था और
फिर उनके साथ ठगी करता था। मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का है। राजस्थान
निवासी रमेश नट ने सात सितंबर की देर शाम थाने में
शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार, सपना नाम की एक महिला ने तीन सितंबर को फोन
कर रमेश नट के भतीजे की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीर भेजी थी। शादी
की बात आगे बढ़ने के बाद रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचे। आरोप है
कि यहां गिरोह में शामिल महिला और पुरुष सदस्यों ने पहले शादी के नाम पर उनसे खरीदारी
करवाई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाया गया, जहां लड़की की मांग में सिंदूर भरवाकर
शादी की रस्म पूरी कराई गई। आरोप
है कि इसके बाद गिरोह के सदस्यों ने लड़के वालों से अपने घर चलकर भोजन करने को
कहा। जब लड़के वालों ने जाने में आनाकानी की तो उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें
वहां से भगा दिया गया। शिकायत
मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन के
आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के
अनुसार, आरोपियों के पास से
शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, गहने और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। मामले
का खुलासा डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार बिनोद ने प्रेस वार्ता के
दौरान किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित मामलों और सदस्यों के बारे में भी
जानकारी जुटा रही है। पुलिस
के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजय
दास (सोनारिया), राजेश
कुमार (खरनी), मंतोष
साव (बाबूडीह), सुमन
विश्वकर्मा (महुदा), चंदन शर्मा (भूली), नीलम देवी (सरायढेला), पूजा कुमारी (तिसरा), मकरी देवी (चरकबरई), विशु यादव (इसरी) और राजेंद्र साव
(गिरिडीह) शामिल हैं। डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार बिनोद ने बताया कि मामले
में बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों के नाम















