धनबाद: पुतला दहन और मनुस्मृति दहन कार्यक्रम को लेकर धनबाद में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर टकराव देखने को मिला। बीजेपी कार्यालय के पास यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था की थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

बीजेपी कार्यालय के पास पहुंचा यूथ कांग्रेस का जत्था

जानकारी के अनुसार, यूथ कांग्रेस की ओर से बीजेपी कार्यालय के पास प्रधानमंत्री का पुतला दहन और मनुस्मृति दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। संभावित विवाद को देखते हुए सरायढेला थाना प्रभारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल को पहले से ही मौके पर तैनात किया गया था।

इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होने लगी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया। पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

घटना के बाद कुछ देर तक बीजेपी कार्यालय के आसपास तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को सामान्य कर लिया गया।