धनबाद। जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तलवार, खून लगा शर्ट, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की जानकारी नगर पुलिस अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।

राजगंज बाजार जाने के दौरान रास्ते में रोका

पुलिस के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे की है। घोसकोडीह निवासी दौलत राम राजगंज बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान निश्चयपुर के आसपास त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते में रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने दौलत राम की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए त्रिवेणी महतो (करीब 52 वर्ष) और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो (करीब 48 वर्ष), दोनों निवासी घोसकोडीह, थाना बरवाअड्डा, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक के परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है। परिवार को कथित तौर पर नक्सलियों से संबंध होने की धमकी भी दी गई थी।

तलवार, खून लगा शर्ट और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल नंबर JH10L3717, खून लगा तलवार, आरोपियों द्वारा पहना गया खून लगा शर्ट और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस मामले में बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अधिकारी विकास कुमार, मीनू कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।