छतरपुर में सफाई मित्रों को स्वच्छता प्रबंधन का प्रशिक्षण, सुरक्षा किट के बिना काम नहीं करने का निर्देश
छतरपुर (पलामू)। स्वच्छ भारत मिशन
(शहरी) के अंतर्गत नगर पंचायत छतरपुर की ओर से मंगलवार को नगर पंचायत परिसर में
सफाई मित्रों के लिए एक दिवसीय स्वच्छता प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया
गया। इसका उद्देश्य सफाई कर्मियों को वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा
कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ
नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव और नगर
प्रबंधक मुर्तजा अंसारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर
वार्ड पार्षद उमेश कुमार यादव, वार्ड
प्रतिनिधि दीपक कुमार और सुनील यादव भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ऑल
इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट, रांची के सहयोग से किया गया। संस्थान के
प्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों को स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां
दीं। प्रशिक्षण शिविर को
संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन ने कहा कि
सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में उनकी
भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सफाई कर्मियों की मेहनत और समर्पण से ही शहर की
स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है। उन्होंने स्पष्ट
निर्देश देते हुए कहा कि सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं
किया जाएगा। सभी सफाई कर्मियों को हैंड ग्लव्स, मास्क, जूते, जैकेट और टोपी सहित आवश्यक सुरक्षा किट
पहनकर ही काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बिना सुरक्षा किट के किसी भी सफाई मित्र
को काम पर नहीं लगाया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि
नगर पंचायत स्वच्छता अभियान को गति देने के साथ-साथ सफाई कर्मियों के हितों की
रक्षा और उनके लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सफाई मित्रों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को व्यवहार में उतारने और
सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की। नगर पंचायत उपाध्यक्ष
मंजीत कुमार यादव ने कहा कि स्वच्छता और सुरक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। प्रभावी
सफाई व्यवस्था के लिए जरूरी है कि सफाई मित्र सुरक्षित तरीके से काम करें और कचरे
का संग्रहण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान
सफाई मित्रों को गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रहण, प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और तरल
अपशिष्ट के निस्तारण की जानकारी दी गई। इसके अलावा सफाई कार्य के दौरान व्यक्तिगत
सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने पर जोर
दिया गया। नगर पंचायत की इस पहल
को सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य,
सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने
की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में नगर
पंचायत के कर्मचारी, दोनों
सफाई सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे। नगर पंचायत का संदेश
स्पष्ट रहा कि स्वच्छ नगर का निर्माण तभी संभव है, जब नगर को स्वच्छ रखने वाले सफाई मित्र
भी सुरक्षित, स्वस्थ
और सम्मानित हों।सुरक्षा किट के बिना
काम नहीं करेंगे सफाई मित्र
गीले और सूखे कचरे के
प्रबंधन की दी गई जानकारी














