धनबाद। शहर में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। धनबाद थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर के पास एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के आरोप में बिहार के नवादा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (26) और सौरभ कुमार (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर लोगों के कार्ड फंसा देते थे और मदद करने के बहाने उनका गुप्त पिन देख लेते थे। इसके बाद कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने और खरीदारी करने का आरोप है।

ATM में कार्ड फंसाकर देखते थे PIN

घटना 27 अक्टूबर की शाम की है। पुलिस को सूचना मिली कि सिटी सेंटर के पास स्थित एटीएम में छेड़छाड़ कर ठगी करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा गया है। सूचना मिलने पर धनबाद थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान उसका कार्ड मशीन में फंस गया। पीछे खड़े एक युवक ने उसे दोबारा गुप्त पिन डालने की सलाह दी। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसका पिन देख लिया, लेकिन कार्ड मशीन से बाहर नहीं निकला।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। फोन करने के बाद उसे पेट्रोल पंप के पास बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर कोई नहीं मिला। जब वह दोबारा एटीएम के पास लौटा तो वहां न कोई व्यक्ति था और न ही उसका कार्ड।

खाते से 15 हजार की निकासी, ज्वेलर्स से खरीदारी का मैसेज

कुछ देर बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर खाते से 15 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये की खरीदारी का मैसेज भी मिला। शिकायतकर्ता अपने परिचितों के साथ दुकान पहुंचा और दुकानदार से पूछताछ की। दुकानदार ने बताया कि दो युवक खरीदारी करने आए थे, जिनमें एक हाफ पैंट और दूसरा जींस पहने हुए था।

इसी दौरान शिकायतकर्ता के मोबाइल पर बाटा इंडिया की दुकान से दो हजार रुपये के लेनदेन का संदेश आया। इसके बाद वह अपने परिचितों के साथ बाटा इंडिया की दुकान पहुंचा। वहां दो युवकों को एटीएम कार्ड लेकर एक्सिस बैंक के एटीएम की ओर जाते देखा गया। शिकायतकर्ता ने दोनों की पहचान की और उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद धनबाद थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और पूछताछ शुरू की।

नवादा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नीतीश कुमार के पिता का नाम अजय कुमार है। वह लखमोहरा, थाना अकबरपुर, जिला नवादा का निवासी है। वहीं, सौरभ कुमार के पिता का नाम पंकज कुमार है और वह नवादा न्यू गेरिया, थाना नगर, जिला नवादा का रहने वाला है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर लोगों के कार्ड फंसाते थे। इसके बाद कथित तौर पर गलत हेल्पलाइन नंबर देकर कार्डधारकों को भ्रमित करते और मौका मिलने पर उनके कार्ड लेकर फरार हो जाते थे। बाद में इन कार्डों से रुपये निकालने और खरीदारी करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नीतीश कुमार के खिलाफ देवघर साइबर क्राइम थाना में वर्ष 2023 का एक मामला भी दर्ज है। आरोपियों के पास से बाटा कंपनी की तीन जोड़ी चप्पलें बरामद की गई हैं।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल धनबाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हैं।