दिल्ली में स्लीपर बस में 17 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म मामले में ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली में स्लीपर बस के अंदर 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त की रात नाबालिग लड़की ने कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर अपने साथ दुष्कर्म की सूचना दी। लड़की ने बताया कि उसके साथ नोएडा में बस के अंदर यह घटना हुई। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, नाबालिग उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से नोएडा सेक्टर-63 स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। रास्ते में वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, परी चौक से सेक्टर-63 नोएडा के बीच सफर के दौरान उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना हुई। पीड़िता के बयान के अनुसार, घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में रिंग रोड के पास उतारकर वहां से चले गए। इसके बाद लड़की ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया और उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बस की पहचान की। जांच के आधार पर पुलिस ने बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बस से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के दौरान बस में क्या हुआ और आरोपों से जुड़े अन्य साक्ष्य क्या हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।मैनपुरी से नोएडा जा रही थी छात्रा
कश्मीरी गेट इलाके में उतारकर फरार होने का आरोप
मेडिकल जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
बस भी पुलिस के कब्जे में
पुलिस कर रही मामले की जांच















