कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित चौकेगाड़िया मैदान में गुरुवार को शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय अंडर-17 खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलित, फीता काटने, राष्ट्रीय गान और मैदान में किक मारकर किया गया। इसके बाद अलग-अलग खेल स्पर्धाओं का आयोजन हुआ।

16 एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हुई कड़ी टक्कर

प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़, रिले दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद समेत कुल 16 एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।

इसके अलावा फुटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में +2 विद्यालय सिरूम, तिरुलडीह, इचाडीह, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू और उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौड़ा कन्या के अंडर-17 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और जीत के लिए पूरे जोश के साथ मैदान में उतरे।

अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला सिंह पातर, प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, समाजसेवी सह पूर्व SBI प्रबंधक बांकेश्वर प्रसाद सिंह, बीपीओ चंदन सिंह, बीआरपी सुनील महतो और सीआरपी राकेश कुमार समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में 36 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।