छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों को दिया गया स्वच्छता का प्रशिक्षण
छतरपुर (पलामू): नगर विकास विभाग के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 के तहत छतरपुर एवं हरिहरगंज नगर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए संयुक्त एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को छतरपुर स्थित होटल विजय तारा में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता के नए मानकों, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त शहर और सफाई मित्रों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता संबंधी नियमों और निर्धारित मानकों की जानकारी देकर शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत छतरपुर के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता (चुनमुन), नगर पंचायत हरिहरगंज की अध्यक्ष कुमारी शिला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी तथा संस्थान के प्रतिनिधि निलेश कुमार और पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों को घरों से निकलने वाले कचरे के उचित वर्गीकरण और निस्तारण की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गीले कचरे के लिए हरे, सूखे कचरे के लिए नीले, सेनेटरी कचरे के लिए पीले और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए काले डस्टबिन का उपयोग किया जाना चाहिए। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण
2026-27 के मानकों के अनुरूप शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और सफाई मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण में दोनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभिन्न वार्डों के पार्षद शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, कचरे का सही वर्गीकरण सुनिश्चित करने और नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छतरपुर और हरिहरगंज के सिटी मैनेजर, हरिहरगंज के सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी तथा सभी जेई भी उपस्थित रहे। छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता संबंधी नियमों और मानकों की जानकारी देना, शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को गति देने और दोनों नगर निकायों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के अंत में छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अपने-अपने क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने की प्रतिबद्धता जताई।दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया कार्यक्रम का उद्घाटन
कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण पर जोर
सभी वार्डों को स्वच्छ बनाने का लिया संकल्प
जनभागीदारी से प्रभावी होगा स्वच्छता अभियान















