चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव में घर के आंगन में खड़ी स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद वाहन मालिक ने सोनुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, मूकलाल सुरीन काम से लौटने के बाद अपनी स्कूटी घर के आंगन में खड़ी कर दी थी। बताया गया कि रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर घर के आंगन से स्कूटी लेकर फरार हो गया।

मां को हुई चोरी की भनक

स्कूटी चोरी होने के दौरान मूकलाल की मां को इसकी भनक लगी। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने बेटे को दी। इसके बाद मूकलाल घर से बाहर निकले और चोर का पीछा करते हुए मुख्य सड़क से सोनुआ की ओर गए, लेकिन तब तक चोर स्कूटी लेकर फरार हो चुका था।

सोनुआ थाना में दर्ज कराया मामला

घटना के बाद मूकलाल सुरीन ने सोनुआ थाना पहुंचकर स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।