चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी राम हांसदा को हिरासत में लेकर गि`रफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों ने दंपती की बेटी को उसकी मां गुरुबारी हांसदा के कई दिनों से लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद बेटी नगिश्री गागराई तुंगी गांव स्थित अपने घर पहुंची, लेकिन उसकी मां वहां नहीं मिली। किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने अपने पिता राम हांसदा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

बेटी ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप

बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी मां की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर के भीतर ही दफना दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

आईपीएस अधिकारी राज कुमार जयराजू के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शनिवार को राम हांसदा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बाहमन टूटी के अनुसार, आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घर के एक कमरे की खुदाई कर गुरुबारी हांसदा का शव बरामद किया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की जांच के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कथित वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सनी मिट्टी को जांच के लिए जब्त किया है। पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात पत्नी के खाना नहीं बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और शव को घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया।