रांची : राजधानी रांची की पुलिस लाइन में जुआ खेलने के आरोप में 10 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान इन पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। इसके बाद सभी 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक और विधिसम्मत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से पुलिस लाइन परिसर के भीतर ही कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर जुआ खेलने और खेलाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की सत्यता जांचने के बाद शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस लाइन परिसर में अचानक छापेमारी की। इस दौरान बताए गए ठिकाने पर घेराबंदी कर 10 पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।

मामले में सार्जेंट मेजर आनंद राज खलखो ने बताया कि पुलिस लाइन में जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी को निलंबित कर दिया गया है और आगे की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस लाइन परिसर में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल मामले में आगे की विभागीय जांच जारी है।