नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है। बादल छाए रहने के बावजूद हवा में नमी अधिक रहने से उमस बनी रहेगी।

बुधवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 15.6 मिमी, लोदी रोड में 38.7 मिमी, पालम में 1.4 मिमी और आया नगर में 0.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बावजूद शाम 5:30 बजे हीट इंडेक्स 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 74 से 97 प्रतिशत के बीच रहा।

आज भी बारिश का येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार को राजधानी में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 7 से 9 अगस्त के बीच भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मॉनसूनी ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी दिल्ली के मौसम को प्रभावित कर रही है।

दिल्ली में लगेंगे 13 नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन

इस बीच, राजधानी में वायु गुणवत्ता की निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने 13 नए कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (CAAQMS) स्थापित करने के लिए टेंडर जारी किया है।

चयनित एजेंसी इन स्टेशनों की आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग के साथ-साथ अगले 10 वर्षों तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगी। नए मॉनिटरिंग स्टेशनों से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हवा की गुणवत्ता की रियल टाइम और अधिक सटीक निगरानी संभव हो सकेगी।