पटना के अगमकुआं में बेकाबू बस ने युवक को कुचला, मौत के बाद भड़की हिंसा, बस समेत कई वाहनों में आग
पटना: बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित पहाड़ी पंप हाउस के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हिंसा भड़क गई। एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-30 को जाम कर जमकर हंगामा किया और कई वाहनों में आग लगा दी। मृतक की पहचान मनीष कुमार, निवासी पहाड़ी क्षेत्र, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त बस में आग लगा दी। इसके अलावा पुलिस के तीन वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान एनएच-30 से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना की कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। उपद्रवियों ने एक मीडिया वाहन में भी आग लगा दी। हालात इतने बिगड़ गए कि आग बुझाने पहुंचे दमकलकर्मियों को भी सुरक्षा के मद्देनज़र पीछे हटना पड़ा। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती दौर में उग्र भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सकी। बाद में पांच थानों की अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस लोगों को शांत कराने और यातायात बहाल कराने में जुटी रही। हिंसा और सड़क जाम के कारण एनएच-30 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कड़ी धूप में यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।युवक की मौके पर ही मौत
बस समेत पुलिस के तीन वाहनों को किया आग के हवाले
मीडियाकर्मियों पर भी हमला
कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
एनएच-30 पर लंबा जाम, यात्रियों को परेशानी















