मिहिजाम में फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, देसी कट्टा, 5 कारतूस और पुलिस वर्दी बरामद
जामताड़ा : मिहिजाम थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान एक फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, पुलिस वर्दी, वॉकी-टॉकी, चाकू और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि नियमित गश्ती के दौरान कानगोई रेलवे फाटक रोड के पास छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जो कथित रूप से पुलिसकर्मी बनकर घूम रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप कुमार सिंह, पिता कृष्णा वर्मा, निवासी कानगोई रेलवे फाटक के पास, मिहिजाम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, दो चाकू, पुलिस की पूरी वर्दी, वॉकी-टॉकी, पुलिस के जूते तथा अन्य सामान बरामद किए गए। बरामद हथियार और सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इन सामानों का उपयोग किस उद्देश्य से कर रहा था तथा उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।















