बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले में जमीन विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में कथित तौर पर जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर फायरिंग और मारपीट हुई, जिसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष, सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय निवासी के. वी. यादव ने आरोप लगाया कि उनकी लगभग डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश की गई। उनका दावा है कि बड़ी संख्या में लोग मोटरसाइकिलों से पहुंचे और विरोध करने पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गोलीबारी में उनके पक्ष के चार लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग के बाद ग्रामीणों ने हमलावरों का पीछा किया, जिसके दौरान कई लोग मौके से भाग निकले और लगभग 12 मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए। बाद में इन मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान दो लोगों के साथ मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद यह अफवाह भी फैली कि कुछ आरोपी एक घर में छिपे हुए हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में घर की तलाशी ली गई, लेकिन वहां से कोई आरोपी नहीं मिला।

पुलिस ने घटनास्थल से दर्जनभर क्षतिग्रस्त बाइक और गोलियों के कई खोखे बरामद किए हैं। मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।