औरंगाबाद : बिहार के औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में दो पक्षों के बीच विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक महिला पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना में कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की सूचना है।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस तनाव कम कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। घटना के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में दलित और महादलित समुदाय से जुड़े दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में पहले से जम्होर थाना में प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस उसी मामले में कार्रवाई और शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए गांव पहुंची थी।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पुलिस गांव में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी और इसी दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लेने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि हमले के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस टीम पर हमले के मामले में जम्होर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद एहतियातन गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।