पटना से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है  जहां पूजा सामग्री विसर्जित करने पहुंचे एक व्यक्ति की स्कॉर्पियो गाड़ी देखते ही देखते गंगा नदी में डूब गई। घटना राजधानी के दीघा इलाके स्थित पाटी पुल घाट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार  बेगूसराय निवासी रामनरेश सिंह वर्तमान में पटना के शिवपुरी इलाके में रहते हैं। उनके घर में पूजा का आयोजन हुआ था  जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ पूजन सामग्री विसर्जित करने के लिए गंगा घाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिस जगह स्कॉर्पियो खड़ी की गई थी  वह ढलान वाला क्षेत्र था। वाहन मालिक गाड़ी रोककर नीचे उतरे  लेकिन जल्दबाजी में हैंडब्रेक लगाना भूल गए। जैसे ही वह गाड़ी से उतरे  स्कॉर्पियो धीरे धीरे ढलान की ओर लुढ़कने लगी और सीधे गंगा नदी की तरफ बढ़ गई। रामनरेश सिंह ने गाड़ी रोकने की कोशिश की  लेकिन कुछ ही सेकंड में वाहन पानी में समा गया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो गहरे पानी में डूब गई। पीड़ित का आरोप है कि घाट पर उस समय कई लोग मौजूद थे  लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि लोग घटना का वीडियो बनाते रहे  जबकि वह लगातार मदद की गुहार लगाते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची  लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नदी में डूब चुका था। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो करीब 10 साल पुरानी थी। इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढलान वाले घाटों पर सुरक्षा बैरियर और चेतावनी संकेत होने चाहिए ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।