इंडोनेशिया: सबसे बड़े हिंदू मंदिर प्रम्बानन पहुंचे पीएम मोदी, बोले- शिव से जुड़ना मेरा सौभाग्य
योग्याकार्ता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय इंडोनेशिया दौरे के अंतिम दिन बुधवार को योग्याकार्ता स्थित विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन हिंदू मंदिर का दौरा किया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ उन्होंने मंदिर परिसर में चल रही संरक्षण एवं जीर्णोद्धार परियोजना का उद्घाटन किया और भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके जीवन में बार-बार भगवान शिव से जुड़ने का अवसर मिला है और अब प्रम्बानन मंदिर के पुनरुद्धार से जुड़ना भी उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, "मुझे किसी न किसी रूप में हमेशा भगवान शिव से जुड़ने का अवसर मिला है। सोमनाथ, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ और उज्जैन महाकाल मंदिर के विकास कार्यों के बाद अब प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण से जुड़ना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है।" प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की झलक देखने को मिल जाती है। उन्होंने प्रम्बानन मंदिर को दक्षिण-पूर्व एशिया में भारतीय संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण धरोहरों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर में भगवान शिव, भगवान विष्णु, भगवान ब्रह्मा, माता दुर्गा और भगवान गणेश की प्रतिमाएं भारतीय सभ्यता और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक संबंधों की सशक्त पहचान हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनसे वर्ष 2029 तक मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को पूरा करने का वादा लिया है। इस पर उन्होंने भी भरोसा जताते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद वह दोबारा इंडोनेशिया आकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाना चाहेंगे। साथ ही उन्होंने इंडोनेशिया सरकार और वहां के लोगों का इस प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने के लिए आभार व्यक्त किया। जावा द्वीप पर स्थित प्रम्बानन मंदिर दक्षिण-पूर्व एशिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर माना जाता है। पहले स्थान पर कंबोडिया का अंगकोर वाट मंदिर है। करीब एक हजार वर्ष पुराने इस मंदिर परिसर में कभी लगभग 240 मंदिर थे। इसका मुख्य आकर्षण 47 मीटर ऊंचा भगवान शिव का मंदिर है। परिसर में भगवान शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित त्रिमूर्ति मंदिर स्थित हैं। मंदिर की दीवारों पर रामायण और अन्य हिंदू ग्रंथों की कथाओं की अद्भुत नक्काशी आज भी मौजूद है। इंडोनेशिया दौरे के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के लिए रवाना होंगे। उनका ऑस्ट्रेलिया दौरा 8 से 10 जुलाई तक निर्धारित है।भारत की सांस्कृतिक विरासत की पहचान
2029 में फिर लौटने का किया वादा
एक हजार वर्ष पुराना है प्रम्बानन मंदिर
ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी















