इस्लामाबाद: पाकिस्तान का एक कार्गो विमान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूटने के करीब 14 घंटे बाद भी विमान का कोई सुराग नहीं मिला है। विमान की तलाश के लिए पाकिस्तान ने नौसेना, वायुसेना और अन्य एजेंसियों को सर्च ऑपरेशन में लगाया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, K2 एयरवेज का यह बोइंग 737 कार्गो विमान अरब सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था। बलूचिस्तान के ओरमारा तट के पास विमान का एटीसी से संपर्क अचानक टूट गया, जिसके बाद से उसका लोकेशन ट्रेस नहीं हो सका है। विमान में कुल पांच क्रू मेंबर सवार थे।

अरब सागर में दुर्घटना की आशंका

विमान के अचानक रडार से गायब होने के बाद उसके अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पाकिस्तान के अधिकारियों ने अब तक किसी दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बचाव एजेंसियां लगातार संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रही हैं।

सर्च ऑपरेशन में सेना भी शामिल

विमान की तलाश के लिए पाकिस्तान ने बड़े स्तर पर संयुक्त अभियान शुरू किया है। पाकिस्तानी नौसेना का युद्धपोत पीएनएस जुल्फिकार उस इलाके में भेजा गया है, जहां आखिरी बार विमान का संपर्क दर्ज हुआ था। इसके अलावा वायुसेना के विशेष विमान और एक व्यापारी जहाज को भी खोज अभियान में शामिल किया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि समुद्र और हवाई मार्ग दोनों से लगातार निगरानी की जा रही है।

तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, संपर्क टूटने से कुछ समय पहले विमान के पायलट ने नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने की जानकारी दी थी।

वहीं, फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म FlightRadar24 के उपलब्ध डेटा के अनुसार, विमान पहले कुछ नीचे आया, फिर ऊंचाई हासिल की और उसके बाद अचानक तेजी से नीचे उतरने लगा। इसके बाद उसका सिग्नल पूरी तरह गायब हो गया।

विशेषज्ञ भी हैरान

एविएशन विशेषज्ञ इमरान असलम ने पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत में कहा कि विमान की उड़ान का व्यवहार सामान्य नहीं था।

उन्होंने कहा, "यह समझना मुश्किल है कि विमान नियंत्रित ग्लाइडिंग के बजाय अचानक नीचे क्यों आया। इसकी पूरी जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।"

27 साल पुराना था विमान

रिपोर्टों के अनुसार, यह बोइंग 737 विमान वर्ष 1998 में निर्मित किया गया था और करीब 27 वर्ष पुराना था। इससे पहले यह कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के लिए यात्री और कार्गो विमान के रूप में सेवा दे चुका था।

पहले भी हो चुके हैं बड़े विमान हादसे

पाकिस्तान का विमानन इतिहास कई गंभीर हादसों का गवाह रहा है। वर्ष 2020 में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) का विमान कराची में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 97 यात्रियों की मौत हुई थी। उस हादसे ने पाकिस्तान की विमान सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।

फिलहाल लापता कार्गो विमान की तलाश जारी है और पूरे मामले पर पाकिस्तान की एविएशन एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।