नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ महिलाओं और युवाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

वसुंधरा राजे समेत 13 नेता बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

बीजेपी की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

स्मृति ईरानी समेत 8 नेताओं को महामंत्री की जिम्मेदारी

बीजेपी ने विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

16 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय मंत्री

नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश पटेल, संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।

पीयूष गोयल को मिली खजाने की जिम्मेदारी

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। वहीं संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मोर्चों और मीडिया टीम में भी बड़ा बदलाव

पार्टी के विभिन्न मोर्चों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा की जिम्मेदारी मिली है। बंसीलाल गुर्जर किसान मोर्चा, शिवेश कुमार राम एससी मोर्चा, मन्नालाल रावत एसटी मोर्चा और कुंवर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा संभालेंगे।

सोशल मीडिया और मीडिया टीम में भी फेरबदल

नई टीम में मीडिया और सोशल मीडिया की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश समेत कई महत्वपूर्ण राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है। ऐसे में संगठन में हुए इस बदलाव को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।