नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे में चोरी और झपटमारी के करीब 390 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई में कई अन्य चोरी की संपत्तियां और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान चोरी के 66 दोपहिया वाहन, 19 अवैध हथियार, 21 चाकू और करीब 62 लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी की जूलरी भी बरामद की गई।

मोबाइल रिसीवर नेटवर्क का भंडाफोड़

डीसीपी नॉर्थ वेस्ट आकांक्षा यादव के अनुसार, एंटी-बर्गलरी सेल ने चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री से जुड़े कथित रिसीवर नेटवर्क का भी खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 12 लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी की जूलरी, 65 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक बाइक और चोरी व झपटमारी के 54 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने गोल्ड लोन कंपनी से जुड़े करीब 57 हजार रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद किए हैं। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई

अशोक विहार, आदर्श नगर, मुखर्जी नगर और भारत नगर थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। इन अभियानों के दौरान बड़ी संख्या में चोरी और झपटमारी के मोबाइल फोन, जूलरी, वाहन और हथियार बरामद किए गए।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य चोरी, झपटमारी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ चोरी के सामान को खपाने वाले नेटवर्क पर भी कार्रवाई करना है। पुलिस बरामद मोबाइल और अन्य सामान के संबंध में दर्ज मामलों की कड़ियां जोड़कर आगे की जांच कर रही है।