ओमान: ओमान के तट के पास सोमवार को भारतीय ध्वज वाले कार्गो जहाज एमएसवी ‘अल जुसुफी’ पर हमला किया गया। इस घटना में गुजरात निवासी एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार अन्य 13 भारतीय क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया गया।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। समुद्र में आगे बढ़ने के दौरान जहाज को किसी अज्ञात हवाई वस्तु से निशाना बनाया गया। हमले में एक नाविक घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।

गुजरात के नाविक की गई जान

हमले में जान गंवाने वाले नाविक की पहचान गुजरात निवासी गांधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने उनके निधन पर शोक जताया। घटना के बाद भारतीय अधिकारियों ने ओमान के स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया है।

13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचाया गया

हमले के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने बचाव अभियान चलाकर जहाज पर मौजूद 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और सुरक्षित बचे नाविकों को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रहा है।

जहाजरानी मंत्रालय की ओर से सभी 13 नाविकों की जल्द भारत वापसी और मृत नाविक के पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

हमले के पीछे किसका हाथ, जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहाज पर हमला किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी। केंद्रीय मंत्री के बयान में हमले के लिए इस्तेमाल की गई वस्तु को अज्ञात हवाई वस्तु बताया गया है। घटना को लेकर जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।