पोटका विश्व पोलियो दिवस पर विशेष अभियान, पांच साल तक के बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
पोटका: विश्व पोलियो दिवस के
अवसर पर शनिवार को पोटका प्रखंड में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की
खुराक पिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। हेंसल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर
में सिविल सर्जन साहिर पोल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत
की। इस अवसर पर सिविल
सर्जन साहिर पोल ने कहा कि विश्व पोलियो दिवस के मौके पर विशेष अभियान चलाया जा
रहा है। इसके तहत पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
रखा गया है, ताकि
बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि
बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए पोलियो टीकाकरण बेहद महत्वपूर्ण है।
अभिभावकों को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलानी चाहिए,
ताकि उन्हें इस बीमारी से बचाने के
प्रयासों को मजबूती मिल सके। वहीं, पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रखंड के सभी सामुदायिक
स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम को अपने-अपने केंद्रों पर पांच वर्ष तक
के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का निर्देश दिया गया है। अभियान के दौरान
डीआरसीएचओ रंजीत पांडा, बीपीएम
अनामिका सिंह, सीएचओ
पूर्णिमा मुर्मू सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की
इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण के प्रति
जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।















