मेदिनीनगर: झारखंड और बिहार में 63 से अधिक नक्सली हमलों को अंजाम देने के आरोपी 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम से पलामू पुलिस पूछताछ कर रही है। मुंबई से गिरफ्तार कर पलामू लाए गए संजय यादव को पुलिस ने दो दिनों के रिमांड पर लिया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस नक्सली संगठन की गतिविधियों और छिपाए गए हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय यादव की निशानदेही पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान एक एसएलआर राइफल और करीब 200 गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान संगठन के हथियारों और अन्य गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

2011 से नक्सली संगठन में था सक्रिय

संजय यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। उस पर झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है।

झारखंड सरकार की ओर से संजय यादव पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, बिहार सरकार ने भी उस पर तीन लाख रुपये का इनाम रखा था। लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी।

एसपी ने की रिमांड पर लेने की पुष्टि

पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि संजय गोदराम को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।