चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सितंबर माह के सड़क हादसों, यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद ने सितंबर माह की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में इस दौरान कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 16 लोगों की मौत हुई, जबकि 12 लोग घायल हुए। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 16,65,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

18 ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय करने का निर्देश

बैठक में जिले के चिह्नित 18 ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। चांडिल गोलचक्कर, चिलगू ब्रिज, जामडीह ओवरब्रिज सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, साइनेज बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश दिया, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और संभावित खतरों की जानकारी समय रहते मिल सके।

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में तीतीरबिला सड़क की मरम्मत जल्द पूरी करने को कहा गया। वहीं, पथ निर्माण विभाग को सरायकेला-कांड्रा-आदित्यपुर मार्ग पर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

JARDCL को आवश्यकतानुसार उपयुक्त स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अधिकारियों को पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।

सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई

बैठक में मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर संचालित चाय-नाश्ते की दुकानों और उनके आसपास अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों से उत्पन्न यातायात समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

संबंधित अधिकारियों को सड़क की भूमि पर अतिक्रमण कर संचालित दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और सड़क किनारे खड़े अनधिकृत वाहनों को हटाने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है।

ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए सघन जांच अभियान

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने यातायात निरीक्षक और सभी थाना प्रभारियों को नियमित एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए निर्धारित गति सीमा दर्शाने वाले साइनेज बोर्ड लगाने, सड़कों पर अनावश्यक कटिंग रोकने और गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा गया। प्रशासन का जोर दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जिले में सड़क हादसों की संख्या कम करने पर है।