लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले के प्रसिद्ध डाटम पाटम जलप्रपात में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 30 सदस्यीय टीम ने इंस्पेक्टर श्रवण प्रामाणिक के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, टीम ने महज 15 मिनट में दोनों शवों को बरामद कर लिया।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रविवार को नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बालूमाथ के रहमत नगर निवासी आरिफ कुरैशी और पांकी निवासी आशिक अंसारी रविवार को डाटम पाटम जलप्रपात में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और हेरहंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

ग्रामीणों की मदद से चल रहा था रेस्क्यू अभियान

हादसे के बाद हेरहंज थाना पुलिस और प्रशासन स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से लगातार दोनों युवकों की तलाश कर रहे थे। काफी प्रयासों के बाद भी जब सफलता नहीं मिली, तो रांची से NDRF की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

दो युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना ने एक बार फिर जलप्रपात और नदी जैसे पर्यटन स्थलों पर नहाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।