जामताड़ा में साइबर अपराध पर पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार; 11 मोबाइल और 15 सिम कार्ड बरामद
जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नारायणपुर थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोडीह गांव में सड़क से लगभग 200 मीटर पश्चिम स्थित झाड़ीनुमा स्थान पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, पबिया से चिरूडीह जाने वाली सड़क पर क्रेशर के निकट परती जमीन के पास छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पतरोडीह निवासी दिलबहार अंसारी (25 वर्ष), सहबाज अंसारी (23 वर्ष), लोकनियां निवासी वन्द प्रकाश दास (36 वर्ष) और मोहलीडीह निवासी आनन्द दास (42 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बैंक केवाईसी और क्रेडिट कार्ड के नाम पर करते थे ठगी पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब नेशनल बैंक और यूको बैंक के केवाईसी अपडेट करने के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झूठा बहाना बनाकर लोगों को मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके माध्यम से उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का कथित साइबर अपराध नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।















