धनबाद जिले के झरिया स्थित धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी ग्राउंड के समीप मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दहुहाटांड़ निवासी जितेश कुमार के रूप में हुई है। युवक की हत्या चेहरे को पत्थर से कुचलकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।मृतक के चाचा टुनटुन कुमार ने बताया कि जितेश सोमवार शाम कुछ लोगों के साथ काम से घर से निकला था। रात करीब 11 बजे उसकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद लगातार कॉल करने पर फोन की घंटी बजती रही लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।परिजनों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे एक बार फोन रिसीव हुआ जिसमें हल्की आवाज में झगड़े जैसी स्थिति सुनाई दी। इसके बाद फोन कट गया और रात करीब 1:30 बजे से मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा।मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने जंगल की ओर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, मोबाइल फोन और खून से सना पत्थर बरामद किया है। सभी सामान को जब्त कर जांच की जा रही है।धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को चांदमारी ग्राउंड के पास लाकर फेंका गया।उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा कुछ लोगों पर संदेह जताया गया है जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।