गिरिडीह में चापाकल लगाने में भ्रष्टाचार का आरोप
गिरिडीह जिले के
अकडोनी कला पंचायत में सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।
पंचायत के मुखिया मनोज पासी पर विधायक मद से आए चापाकल को नियमों के विरुद्ध पैसे
लेकर लगवाने का आरोप लगा है।मामले में सामने आए ऑडियो क्लिप और ग्रामीणों के
आरोपों ने पूरे प्रकरण को चर्चा का विषय बना दिया है।ग्रामीणों द्वारा जारी एक
कथित ऑडियो क्लिप में लाभुक खुद यह कहते सुनाई दे रहा है कि चापाकल लगवाने के लिए
मुखिया को ₹10 हजार
दिए गए थे।वहीं बोरिंग गाड़ी के ड्राइवर ने भी कथित तौर पर यह दावा किया है कि
मुखिया के निर्देश पर निर्धारित स्थान बदलकर दूसरी जगह चापाकल लगाया गया।ग्रामीणों
का आरोप है कि जिस स्थान पर चापाकल लगाया गया वहां न तो आबादी है और न ही आम लोगों की
पानी की आवश्यकता। बताया जा रहा है कि लाभुक का घर भी अभी अधूरा है।ऐसे में सरकारी
संसाधनों का निजी लाभ के लिए उपयोग किए जाने की आशंका और गहरा गई है।स्थानीय लोगों
का कहना है कि यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं बल्कि सरकारी योजनाओं में खुलेआम
सौदेबाजी का मामला है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली
कार्रवाई पर टिकी हुई है।














