मुंबई: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का पहला भव्य ट्रेलर गुरुवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त (सुबह 4:15 बजे) रिलीज कर दिया गया। करीब 4 मिनट 9 सेकंड लंबे ट्रेलर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, रावण के किरदार में यश और माता सीता के रूप में साई पल्लवी की पहली झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।
राम-रावण के महायुद्ध की झलक
ट्रेलर की शुरुआत रावण के दमदार प्रवेश से होती है। यश के किरदार को बेहद गंभीर और प्रभावशाली अंदाज में पेश किया गया है। इसके बाद भगवान विष्णु के राम अवतार और धर्म की स्थापना की कहानी आगे बढ़ती दिखाई देती है। ट्रेलर में अयोध्या, लंका, पुष्पक विमान और कई भव्य दृश्य देखने को मिलते हैं।
राम के रूप में रणबीर कपूर ने जीता दिल
रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में शांत, संयमित और प्रभावशाली नजर आते हैं। ट्रेलर में राजा दशरथ, कैकेयी, राम-सीता विवाह, वनवास और आगे की कहानी की झलक दिखाई गई है। उनके अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
सीता के किरदार में साई पल्लवी की सादगी
साई पल्लवी ने माता सीता के रूप में अपनी सादगी और भावपूर्ण अभिनय से प्रभावित किया है। ट्रेलर में राम-सीता विवाह, वनवास और उनके कई महत्वपूर्ण दृश्य शामिल हैं।
अन्य किरदारों की भी दिखी झलक
ट्रेलर में रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आए हैं, जबकि अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देती हैं। हालांकि, भगवान हनुमान के रोल में सनी देओल की झलक ट्रेलर में नहीं दिखाई गई है।
ए.आर. रहमान और हंस जिमर का शानदार संगीत
फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है। ट्रेलर में संगीत कहानी के साथ प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ता है और राम-रावण संघर्ष को भव्यता प्रदान करता है।
दो भागों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है, जबकि यश इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, शोभना, सौरभ सचदेवा, फैसल मलिक और लारा दत्ता अहम भूमिकाओं में हैं।
'रामायण: पार्ट 1' दिवाली वीकेंड पर 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।















