कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नीलरतन सरकार (NRS) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ऑन-ड्यूटी 30 वर्षीय नर्स रूपाली दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। रूपाली का शव अस्पताल के स्त्री रोग विभाग के प्रसव-पूर्व वार्ड के स्टाफ टॉयलेट में मिला। घटना के बाद कोलकाता पुलिस की होमीसाइड शाखा ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पति राहुल दास ने मौत के कारणों पर संदेह जताते हुए मांग की है कि रूपाली का पोस्टमार्टम NRS अस्पताल में न कराकर किसी दूसरे सरकारी अस्पताल में कराया जाए। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि परिजन जहां पोस्टमार्टम कराना चाहेंगे, वहां प्रक्रिया कराई जाएगी।
ड्यूटी के दौरान टॉयलेट गई थी नर्स
जानकारी के अनुसार, रूपाली दास बुधवार रात करीब 8 बजे नाइट ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंची थी। रात करीब 10:20-10:30 बजे वह स्त्री रोग विभाग के प्रसव-पूर्व वार्ड के स्टाफ टॉयलेट में गई।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर सहकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। टॉयलेट के अंदर रूपाली फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
इसके बाद डॉक्टरों ने उसकी जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और मृत घोषित कर दिया गया।
शरीर पर चोट के निशान नहीं
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रूपाली के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मौत के पीछे एनेस्थेटिक दवा के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है। मृतका के पास से किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिलने की बात सामने आई है।
फेंटानिल की तीन वायल मिलने की बात
अस्पताल और पुलिस सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, रूपाली अपने साथ फेंटानिल की तीन वायल लेकर टॉयलेट गई थी। यह एक शक्तिशाली दवा है, जिसका चिकित्सकीय इस्तेमाल दर्द नियंत्रण और एनेस्थीसिया जैसी परिस्थितियों में किया जाता है।
सूत्रों का दावा है कि दवा को इंजेक्शन के जरिए शरीर में लेने की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि रूपाली ने खुद दवा ली या इस मामले में कोई अन्य परिस्थिति जुड़ी हुई है। इसकी पुष्टि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
तीन क्राइम सीन सील, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इससे जुड़े तीन स्थानों को क्राइम सीन के तौर पर सील किया है। पुलिस को मौके से एक स्ट्रेचर भी मिला है।
अधिकारियों की ओर से अस्पताल के HDU और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रूपाली टॉयलेट तक कब और किस स्थिति में पहुंची थी और उसके बाद वहां कौन-कौन आया।
मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल
गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी NRS अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन, वरिष्ठ डॉक्टरों और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली।
कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल और डीसी (ईस्ट सब-अर्बन) सुविमल पाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की होमीसाइड शाखा मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए विसरा और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नर्स के पास फेंटानिल की वायल कैसे पहुंची, उसने दवा खुद ली थी या नहीं और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।















