बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने फेसबुक पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर युवक से शादी की और बाद में उससे 40 लाख रुपये की मांग करने लगी। पुलिस जांच में महिला का आईएएस होने का दावा पूरी तरह फर्जी निकला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
फेसबुक पर हुई पहचान, शादी के बाद बदला व्यवहार
मामला बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित अभिषेक ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पहले उसकी शादी साधना नाम की महिला से हुई थी। शादी से पहले महिला ने खुद को आईएएस अधिकारी बताया और यह भी कहा कि उसका एक मामला अदालत में लंबित है। युवक ने उसकी बातों पर भरोसा कर विवाह कर लिया।
40 लाख रुपये की मांग और धमकी
शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही महिला ने पति से 40 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। पैसे नहीं देने पर उसने झूठे मुकदमों में फंसाने, पूरे परिवार को बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने महिला पर हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया है।
जांच में खुला फर्जी IAS होने का राज
पीड़ित की शिकायत पर फरीदपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि साधना किसी भी सरकारी सेवा में कार्यरत नहीं है और उसका आईएएस अधिकारी होने का दावा पूरी तरह झूठा था।
आरोपी महिला गिरफ्तार
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के सतेती गांव निवासी आरोपी साधना को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का बयान
एसपी ग्रामीण अंशिका वर्मा ने बताया कि अभिषेक की शिकायत के आधार पर फरीदपुर थाने में अपराध संख्या 479/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में महिला का आईएएस अधिकारी होने का दावा फर्जी पाया गया। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।















