दिल्ली में सस्ते किराये का लालच देकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक कथित फर्जी बाइक राइडर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह खुद को बाइक टैक्सी सर्विस से जुड़ा राइडर बताकर लोगों का भरोसा जीतता था और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता था। सेंट्रल दिल्ली के आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कथित रूप से लूटा गया मोबाइल फोन  एक अन्य चोरी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

कम किराये का झांसा देकर फंसाता था

पुलिस के मुताबिक 20 मई की रात एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आईटीओ स्थित हंस भवन के पास उसे एक बाइक सवार मिला  जिसने खुद को बाइक टैक्सी सर्विस से जुड़ा राइडर बताया। आरोपी ने कम किराये में गंतव्य तक छोड़ने की बात कही। रास्ते में उसने कथित तौर पर पुलिस चेकिंग का बहाना बनाया और युवक को बाइक से उतरने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे विकास मार्ग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय मुनेन्दर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली के सिंघु क्षेत्र का रहने वाला है।

पहले भी कई मामलों में शामिल होने का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पहले भी चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी बड़े गिरोह से संबंध है या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस की सलाह अनजान वाहन चालकों से रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि यात्रा के दौरान केवल आधिकारिक ऐप या सत्यापित सेवा प्रदाताओं का ही इस्तेमाल करें और अनजान लोगों के कम किराये जैसे प्रस्तावों से सतर्क रहें।