पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में नकली लॉटरी टिकट के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर खड़गपुर समेत कई इलाकों से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में नकली लॉटरी टिकट  कुछ असली टिकट  नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं.

पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई. पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि बाजारों बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को नकली लॉटरी टिकट बेचकर ठगा जा रहा है.

शिकायत मिलने के बाद शुरू हुआ अभियान

पुलिस के अनुसार आरोपी सरकारी लॉटरी के असली टिकटों के साथ बेहद चालाकी से नकली टिकट मिलाकर बेचते थे. कई लोगों ने इन टिकटों पर इनाम नहीं मिलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान शुरू किया.

बड़े नेटवर्क की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि इस अवैध कारोबार के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है जिसका नेटवर्क जिले से बाहर तक फैला हो सकता है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

पुलिस ने लोगों से की अपील

जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही लॉटरी टिकट खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. प्रशासन ने साफ किया है कि नकली लॉटरी कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.