कभी किडनी देकर बचाई जान, अब पिता के बाल संवारती दिखीं रोहिणी आचार्य
पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटी रोहिणी आचार्य के रिश्ते से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने पिता लालू यादव के बाल संवारती नजर आ रही हैं। वीडियो के साथ रोहिणी आचार्य ने माता-पिता और बेटी के रिश्ते को लेकर भावुक संदेश भी लिखा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा इस रिश्ते की मर्यादा को दिल से संभाला है और आगे भी एक बेटी के तौर पर अपने फर्ज और धर्म को पूरी निष्ठा से निभाती रहेंगी। रोहिणी आचार्य का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले कुछ समय से उनके परिवार के साथ संबंधों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिता लालू प्रसाद यादव के बुलावे पर वह सिंगापुर से पटना पहुंचीं। रोहिणी इससे पहले भी अपने माता-पिता के प्रति अपने लगाव को सोशल मीडिया के जरिए जाहिर करती रही हैं। लालू यादव की तबीयत खराब होने के दौरान भी वह उनके साथ मजबूती से खड़ी रही थीं। लालू प्रसाद यादव के किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी डोनेट की थी। सिंगापुर में हुए इस किडनी ट्रांसप्लांट के बाद रोहिणी की यह भूमिका काफी चर्चा में रही थी। अब पिता के बाल संवारते हुए उनका वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर लालू यादव और रोहिणी आचार्य के पिता-बेटी के रिश्ते की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। रोहिणी आचार्य और परिवार के कुछ सदस्यों के बीच मतभेद की खबरें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच रोहिणी ने अपने माता-पिता के प्रति अपने स्नेह और जिम्मेदारी को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है।पिता के बुलावे पर सिंगापुर से पटना पहुंचीं रोहिणी
लालू यादव को किडनी डोनेट कर चुकी हैं रोहिणी
परिवार से जुड़े विवाद भी रहे चर्चा में















