भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड में बाढ़ के बीच शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। शहजादपुर पंचायत के छोटी फुलवरिया गांव में घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची बाढ़ के पानी में डूब गई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृत बच्ची की पहचान छोटी फुलवरिया के वार्ड नंबर 1 निवासी मजदूर राहुल कुमार की तीन वर्षीय बेटी सृष्टि कुमारी के रूप में हुई है।

घर के पास खेल रही थी बच्ची, अचानक हुई लापता

परिजनों के अनुसार, सृष्टि शनिवार सुबह करीब 8 बजे घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक परिजनों की नजरों से ओझल हो गई।

काफी देर तक बच्ची के नहीं मिलने पर परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। इसके बाद ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए। करीब दो घंटे तक बच्ची की तलाश जारी रही।

करीब 10 बजे बाढ़ के पानी में मिली बच्ची

तलाश के दौरान सुबह करीब 10 बजे बच्ची घर के पास जमा गंगा के बाढ़ के पानी में मिली। ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चार बहनों में सबसे छोटी थी सृष्टि

सृष्टि अपने परिवार में चार बहनों में सबसे छोटी थी और परिवार की लाडली थी। मासूम की मौत के बाद उसके माता-पिता राहुल कुमार और सोनी कुमारी सदमे में हैं।

परिजनों के दुख को देखकर गांव के लोग भी भावुक हैं और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।

प्रशासन को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आपदा मित्र सुमित कुमार सुमन के अनुसार, स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित परिवार के लिए 4 लाख रुपये मुआवजे की मांग

शहजादपुर पंचायत के मुखिया कैलाश कुमार भारती ने घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को देते हुए पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

मुखिया ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की अपील की है।