मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में गुरुवार देर रात एक विचाराधीन बंदी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। बंदी की पहचान मो. सिराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिजनों से ई-मुलाकात के दौरान उसे अपनी जमानत याचिका खारिज होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह मानसिक तनाव में चला गया।

देर रात जेल कक्ष के शौचालय में उसने जान देने का प्रयास किया। हालांकि, समय रहते साथी बंदी की नजर पड़ने और जेल प्रशासन की तत्परता से उसे बचा लिया गया।

साथी बंदी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, मो. सिराज जेल के कक्ष संख्या 3/4 में बंद था। गुरुवार देर रात करीब 12:25 से 12:35 बजे के बीच वह शौचालय गया। इसी दौरान कक्ष में मौजूद रंजन कुमार की नजर उस पर पड़ी।

रंजन ने तत्काल जेलकर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सिपाहियों और कक्षपाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बंदी को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे पहले कारा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया।

परिजनों से ई-मुलाकात के दौरान मिली थी जमानत खारिज होने की जानकारी

बताया जा रहा है कि गुरुवार को बंदी के परिजनों ने ई-मुलाकाती पोर्टल के जरिए उससे बातचीत की थी। इसी दौरान उसे कोर्ट द्वारा जमानत अर्जी खारिज किए जाने की जानकारी मिली।

जमानत नहीं मिलने की खबर के बाद वह काफी तनाव में आ गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के बीच उसने देर रात आत्महत्या की कोशिश की।

पत्नी के प्रेमी की हत्या के मामले में जेल में बंद है सिराज

मो. सिराज पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा में 30 अप्रैल को हुई चिकन शॉप संचालक मो. नौशाद की हत्या के मामले में आरोपी है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया था कि नौशाद को आरोपी ने अपनी पत्नी का प्रेमी मानते हुए उसकी हत्या की थी। मामले में सिराज की गिरफ्तारी के बाद उसे छह मई को शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा भेजा गया था।

SKMCH में चल रहा इलाज, पुलिस कार्रवाई की तैयारी

फिलहाल मो. सिराज का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। अस्पताल में उसकी सुरक्षा के लिए बीएसएपी के जवानों की तैनाती की गई है।

घटना के संबंध में जेल प्रशासन ने मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह घटना कैसे हुई।