साहिबगंज: छठ महापर्व को लेकर साहिबगंज नगर परिषद प्रशासन अलर्ट हो गया है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर परिषद अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी ने मोटर बोट से शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

झारखंड का एकमात्र जिला साहिबगंज है, जहां से होकर मां गंगा बहती हैं। ऐसे में छठ महापर्व के दौरान साहिबगंज के गंगा घाटों पर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर परिषद प्रशासन घाटों पर आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त करने में जुटा है।

साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, घाटों के किनारे बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम और गोताखोरों की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रशासन का उद्देश्य छठ व्रतियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।

छठ से पहले दुरुस्त होंगे सभी घाट

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि छठ महापर्व से पहले घाटों पर साफ-सफाई, बिजली, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

छठ महापर्व को देखते हुए घाटों की व्यवस्था पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। अब श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए तैयारियों को समय पर पूरा करना नगर परिषद के सामने प्रमुख चुनौती होगी।