रांची  युगांतर भारती के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 22वें दामोदर महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष राज्यभर के 47 अलग अलग स्थानों पर दामोदर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम लोहरदगा जिले के चूल्हापानी सलगी में आयोजित होगा।

आयोजन समिति के अनुसार समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे। वहीं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दामोदर बचाओ आंदोलन के प्रणेता और जमशेदपुर पश्चिम विधायक सरयू राय करेंगे।

युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने बताया कि इस वर्ष दामोदर महोत्सव का आयोजन गंगा दशहरा के दिन हो रहा है  जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है। राज्य के 47 स्थानों पर दामोदर नदी की आरती भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में लोहरदगा के चूल्हापानी से दामोदर बचाओ आंदोलन की शुरुआत हुई थी। तब से लगातार हर वर्ष यहां आयोजन होता आ रहा है। इस बार आयोजन का 22वां वर्ष है।

कार्यक्रम के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार दोपहर 12 30 बजे उद्गम स्थल पर पूजन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान  दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत भाषण का कार्यक्रम होगा। आयोजन के दौरान युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण  सांसद सुखदेव भगत और विधायक सरयू राय भी अपने विचार रखेंगे। इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

आयोजकों के अनुसार दामोदर महोत्सव का उद्देश्य नदी संरक्षण पर्यावरण जागरूकता और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर लोगों को जोड़ना है।