पटना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दानापुर क्षेत्र में दो लोगों को हथियार  कारतूस और विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल  तीन जिंदा कारतूस और पांच लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब लेकर जा रहे हैं और उनके पास हथियार भी मौजूद हो सकते हैं। सूचना के आधार पर रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने रूपसपुर आरओबी पुल के नीचे छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में मौजूद दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा  तीन जिंदा कारतूस और पांच लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राहुल कुमार मनेर थाना क्षेत्र का रहने वाला है  जबकि गुड्डू कुमार गया जिले के बाजीरगंज थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दोनों फिलहाल पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके में रह रहे थे।

सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी आपराधिक नेटवर्क से है या नहीं।